Tuesday 14 February 2017

सुषमा स्वराज



सुषमा स्वराज (जन्म : १४ फरवरी १९५२) एक भारतीय महिला राजनीतिज्ञ और भारत की विदेश मंत्री हैं। भारत की प्रमुख राजनीतिक पार्टियों में से एक 'भारतीय जनता पार्टी' (भाजपा) की शीर्ष महिला नेत्रियों में गिनी जाती हैं। वे वर्ष 2009 में भारत की भारतीय जनता पार्टी द्वारा संसद में विपक्ष की नेता चुनी गयी थीं, इस नाते वे भारत की पन्द्रहवीं लोकसभा में प्रतिपक्ष की नेता रही हैं। इसके पहले भी वे केन्द्रीय मन्त्रिमण्डल में रह चुकी हैं तथा दिल्ली की मुख्यमन्त्री भी रही हैं। वे सन २००९ के लोकसभा चुनावों के लिये भाजपा के १९ सदस्यीय चुनाव-प्रचार-समिति की अध्यक्ष भी रहीं थीं। 26 मई 2014 से भारत की विदेश मंत्री हैं।
14 फ़रवरी, 1952 को हरियाणा की अंबाला छावनी में सुषमा का जन्म हुआ था। उनके पिता का नाम श्री हरदेव शर्मा था। सुषमा ने एस॰डी॰ कालेज अम्बाला छावनी से बी॰ए॰ तथा पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ से विधि स्नातक की डिग्रियाँ प्राप्त कीं। वे सुप्रीम कोर्ट में वकालत भी करती हैं। 13 जुलाई1975 को उनका विवाह स्वराज कौशल के साथ सम्पन्न हुआ, जो छ: साल तक राज्य सभा में सांसद रहे और साथ ही मिजोरम में राज्यपाल भी रहे। स्वराज कौशल अभी तक के सबसे कम आयु में राज्यपाल का पद प्राप्त करने वाले व्यक्ति हैं। सुषमा और उनके पति की उपलब्धियों का यह स्वर्णिम रिकॉर्ड 'लिम्का बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड' में दर्ज हो चुका है। सुषमा स्वराज एक बेटी की माँ भी है, जो वकालत कर रही है।
राजनीतिक कैरियर
सत्तर के दशक में छात्र राजनीति से अपना राजनीतिक सफर शुरू करने वाली सुषमा, हरियाणा विधानसभा की विधायक रहीं और जनता पार्टी की विधायक के तौर पर उन्हें चौधरी देवीलाल की सरकार में १९७७ से ७९ के बीच राज्य की श्रम मन्त्री रह कर २५ साल की उम्र में कैबिनेट मन्त्री बनने का रिकार्ड बनाया था। १९७० में उन्हें एस॰डी॰ कालेज में सर्वश्रेष्ठ छात्रा के सम्मान से सम्मानित किया गया था। वे तीन साल तक लगातार एस॰डी॰ कालेज छावनी की एनसीसी की सर्वश्रेष्ठ कैडेट और तीन साल तक राज्य की श्रेष्ठ वक्ता भी चुनी गईं। पंजाब विश्वविद्यालय द्वारा १९७३ में उन्हें सर्वोच्च वक्ता का सम्मान मिला। भाजपा में राष्ट्रीय मन्त्री बनने वाली पहली महिला सुषमा के नाम पर कई रिकार्ड दर्ज़ हैं। १३ जुलाई १९७५ को स्वराज कौशल के साथ उनका विवाह हुआ था। वे भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता बनने वाली पहली महिला हैं, वे कैबिनेट मन्त्री बनने वाली भी भाजपा की पहली महिला हैं, वे दिल्ली की पहली महिला मुख्यमन्त्री थीं और भारत की संसद में सर्वश्रेष्ठ सांसद का पुरस्कार पाने वाली पहली महिला भी वे ही हैं।
वे लगातार तीन वर्षों तक हरियाणा विधानसभा की सर्वश्रेष्ठ वक्ता भी रहीं। वर्ष 1990 में वे राज्य सभा और 1996 में 11वीं लोक सभा के लिए दक्षिण दिल्ली से चुनी गईं। 1996 में अटल बिहारी वाजपेयी की तेरह दिनों तक चली सरकार में उन्हें 'सूचना और प्रसारण मंत्री' बनाया गया था। 12वीं लोक सभा में भी वे चुनकर आईं और फिर 'सूचना प्रसारण मंत्री' बनीं। बाद में वे कुछ समय के लिए दिल्ली की पहली महिला मुख्यमंत्री भी रहीं। भाजपा के विधानसभा चुनाव हारने के बाद वे फिर से केन्द्रीय राजनीति में लौटीं। वर्ष 1999 के लोक सभा चुनावों में उन्होंने कर्नाटक के बेल्लारी संसदीय चुनाव क्षेत्र से कांग्रेस प्रमुख सोनिया गाँधी के ख़िलाफ़ चुनाव लड़ा था। हालाँकि वे चुनाव हार गईं, लेकिन उन्होंने सोनिया गाँधी को कड़ी टक्कर दी। वर्ष 2000 में वे उत्तराखंड से राज्य सभा के लिए चुनी गईं और राज्य सभा में रहते हुए सूचना प्रसारण, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण तथा संसदीय कार्यमंत्री के पद पर रहीं। वर्ष 2014 में वे विदिशा लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा की सांसद निर्वाचित हुई हैं और उन्हें भारत की पहली महिला विदेश मंत्री होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। वे दिल्ली की पहली महिला मुख्यमंत्री और देश में किसी राजनीतिक दल की पहली महिला प्रवक्ता बनने की उपलब्धि भी उन्हीं के नाम दर्ज है।
पति पत्नी दोनों ही राजनीति में

वर्तमान में वे मध्य प्रदेश की विदिशा सीट से लोकसभा की सदस्या चुनी गयीं। वे विदेशी मामलों में संसदीय स्थायी समिति की अध्यक्षा भी हैं। १९७५ में उनका विवाह स्वराज कौशल के साथ में हुआ था। कौशल जी छह साल तक राज्यसभा में सांसद रहे इसके अलावा वे मिजोरम प्रदेश के राज्यपाल भी रहे। स्वराज कौशल अभी तक सबसे कम आयु में राज्यपाल का पद प्राप्त करने वाले व्यक्ति हैं। सुषमा स्वराज और उनके पति की उपलब्धियों के ये रिकार्ड लिम्का बुक ऑफ व‌र्ल्ड रिकार्ड में दर्ज़ करते हुए उन्हें विशेष दम्पत्ति का स्थान दिया गया है। स्वराज दम्पत्ति की एक पुत्री है जो वकालत कर रही हैं। हरियाणा सरकार में श्रम व रोजगार मन्त्री रहने वाली सुषमा अम्बाला छावनी से विधायक बनने के बाद लगातार आगे बढ़ती गयीं और बाद में दिल्ली पहुँचकर उन्होंने केन्द्र की राजनीति में सक्रिय रहने का संकल्प लिया जिसमें वे आज तक सक्रिय हैं।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ाव
पंजाब विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान सुषमा 'अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद' का हिस्सा बन गई थीं। अरुण जेटली जब 1974 में दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र संघ का चुनाव लड़ रहे थे, तब वह दिल्ली चुनाव प्रचार से सम्बन्धित कार्य हेतु आई थीं। 80 के दशक में वह भाजपा से जुड़ीं।
पार्टी को स्थायित्व
वर्ष 1999 में जब सुषमा को बेल्लारी सीट से सोनिया गांधी के ख़िलाफ़ चुनाव लड़ने के लिए कहा गया, तब उस समय वहाँ उन्होंने पार्टी को स्थायित्व प्रदान कर दिया था, जिसका अस्तित्व वहाँ पहले नहीं था। चुनाव में सोनिया गांधी को 51.7 फीसदी वोट मिले थे, जबकि सुषमा स्वराज को 44.7 फीसदी मिला वोट हासिल हुए। कर्नाटक में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में विधान सौध में भाजपा विधायक दल में सबसे अधिक हिस्सेदारी बेल्लारी क्षेत्र की ही थी। लेकिन समान रूप से उन्होंने पार्टी में अपने सहयोगी जसवंत सिंह की बड़ी आलोचना की और यह भी कहा कि लोक लेखा समिति के अध्यक्ष पद से उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। गोधरा दंगों के मामले में जब अटल बिहारी वाजपेयी ने नरेंद्र मोदी को राजधर्म निभाने की सलाह दी, तब सुषमा इससे सहमत नजर आईं, किंतु जब चंद्रबाबू नायडू ने इस मुद्दे पर राजग से समर्थन वापस लेने के लिए कहा, उस समय सुषमा ने पार्टी के दूसरे नेताओं की तरह कहा कि 'दबाव में मोदी को नहीं बदला जा सकता।'
गम्भीर विचारक
सुषमा स्वराज एक अच्छी शिक्षिका के रूप में भी जानी-पहचानी जाती हैं। वे पार्टी के उन नेताओं में से एक हैं, जिन्होंने वसुंधरा राजे सिंधिया को राजस्थान में विपक्ष का नेता बनाए रखने की बात कही थी। इसके लिए उन्होंने तर्क दिया था कि "किसी नेता को नष्ट करने में एक मिनट का समय लगता है, जबकि बनाने में कई साल लग जाते हैं।" उन्होंने कई बार यादगार भाषण भी दिए, लेकिन उनका सबसे अच्छा भाषण वह है, जो उड़िया में दिया गया था। बीजू जनता दल ने जब भाजपा से नाता तोड़ लिया था, तब चार दिन बाद सुषमा वहाँ पहुंची थीं और तब उड़िया में उन्होंने यह यादगार भाषण दिया था। नौ साल के मुख्यमंत्रित्व काल में नवीन पटनायक एक बार भी उड़िया में सार्वजनिक भाषण नहीं दे पाए थे। उनकी मौजूदगी की वजह से संसद प्राय: सजीव सी प्रतीत होती है।
राज्य सभा में भाजपा नेता

अप्रैल2006 में सुषमा स्वराज पुन: राज्य सभा के लिए चुनी गईं, लेकिन इस बार उन्हें मध्य प्रदेश से चुनकर भेजा गया। राज्य सभा में वे भाजपा की उपनेता भी रहीं और एक समय पर तो उन्हें पार्टी का प्रमुख बनाए जाने की संभावनाएँ ज़ाहिर की जाने लगीं। वे भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य होने के साथ कई सामाजिक और सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़ी हुई हैं। वे चार वर्षों तक हरियाणा के 'हिंदी साहित्य सम्मेलन' की अध्यक्ष भी रहीं। इस बार पार्टी ने उन्हें मध्य प्रदेश के विदिशा संसदीय चुनाव क्षेत्र से अपना उम्मीदवार बनाया। पंद्रहवीं लोकसभा के लिए चुनाव लड़ने के साथ-साथ ही सुषमा कई राज्यों के लिए भारतीय जनता पार्टी की प्रमुख रणनीतिकार भी नियुक्त की गई थीं।
उत्कृष्ट सांसद का सम्मान
संसद के केन्द्रीय कक्ष में सम्पन्न एक गरिमामय कार्यक्रम में राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा पाटिल ने भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता और राज्य सभा सांसद सुषमा स्वराज को वर्ष 2004 के लिए 'उत्कृष्ट सांसद सम्मान' से अलंकृत किया था। प्रतिभा पाटिल ने सुषमा स्वराज की प्रशंसा करते हुए उन्हें राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों की प्रखर वक्ता बताया था। इस मौके पर सुषमा ने इस पुरस्कार के लिए पहली बार किसी महिला को चुनने के लिए चयन समिति को धन्यवाद दिया और कहा कि "यह सौभाग्य की बात है कि उन्हें यह पुरस्कार देश की पहली महिला राष्ट्रपति के हाथों मिला है।" उन्होंने कहा "मेरा क़द तो छोटा था। सहयोगियों ने यह पुरस्कार देकर मेरे क़द को और भी बड़ा कर दिया है।" इसके साथ ही सुषमा ने ईश्वर से इस पुरस्कार की मर्यादा को बनाए रखने की शक्ति प्रदान करने की कामना की और वचन दिया कि वह हर संभव प्रयास कर इस पुरस्कार का मान सम्मान बनाए रखने का प्रयास करेंगी।
प्रशस्ति पत्र
सुषमा स्वराज को प्रशस्ति पत्र भी प्राप्त हुआ है। इनको अर्पित प्रशस्ति पत्र में कहा गया है कि- "श्रीमती सुषमा स्वराज का तीन दशकों से अधिक का उत्कृष्ट सार्वजनिक जीवन रहा है। उन्हें हरियाणा सरकार में सबसे कम उम्र की कैबिनेट मंत्री तथा दिल्ली की प्रथम महिला मुख्यमंत्री होने का गौरव प्राप्त है। एक प्रतिभाशाली वक्ता होने के साथ-साथ उन्होंने देश में संसदीय लोकतंत्र को सुदृढ़ करने में विशिष्ट योगदान दिया है।"
चुनाव क्षेत्र
विदिशामध्य प्रदेश
दक्षिण दिल्ली, दिल्ली
राजनैतिक सफ़र
सदस्यता
हरियाणा-विधान सभा, 1977-1982 और 1987-1990
मुख्यमंत्री (दिल्ली), 13 अक्टूबर-3 दिसंबर 1998
वर्तमान में सदस्य राज्य सभाअप्रैल 2000
केन्द्रीय कैबिनेट मंत्री
विदेश मंत्री- 26 मई 2014 से अबतक
श्रम और रोज़गार 1977-1979
शिक्षा, खाद्य और नागरिक आपूर्ति 1987-1990
सूचना और प्रसारण 16 मई 1996-1 जून 1996
सूचना और प्रसारण और दूरसंचार (अतिरिक्त प्रभार) 19 मार्च-12 अक्टूबर 1998
सूचना और प्रसारण 30 सितंबर 2000 से 29 जनवरी 2003
29 जनवरी 2003 से 22 मई 2004 स्वास्थ मंत्री एवं संसदीय मंत्री
अप्रेल 2006, पाँचवी बार राज्य सभा के लिए पुन: चुनी गईं
16 मई 2009, पंद्रहवीं लोकसभा के लिए छटवीं बार चुनी गईं
3 जून 2009 को लोक सभा के उपनेता विपक्ष चुनी गईं
21 दिसम्बर 2009 को नेता विपक्ष चुनी गईं

26 मई 2014 से विदेश मंत्री के पद पर आसीन हैं

No comments:

Post a Comment